


हरियो त्रिमुहान मुसहरी घाट पर हुआ हादसा, एसडीआरएफ व गोताखोरों ने चार घंटे बाद निकाले शव
नवगछिया :
बिहपुर प्रखंड के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरियो त्रिमुहान स्थित मुसहरी कोसी घाट पर रविवार को स्नान के दौरान डूबने से तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण कोसी घाट पर जुट गए। वहीं मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
मृतकों की पहचान बिहपुर प्रखंड के हरियो पंचायत अंतर्गत हरियो महेशपुर वार्ड संख्या-13 निवासी नयन कुमार उर्फ नैना (13 वर्ष) पिता शंकर शर्मा, युवराज कुमार उर्फ प्रीतम (14 वर्ष) पिता पिंटू यादव और लक्ष्मण कुमार (14 वर्ष) पिता कैप्टन यादव के रूप में हुई है। तीनों किशोर राजकीयकृत मध्य विद्यालय हरियो महेशपुर के छात्र थे।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, हरियो महेशपुर गांव के करीब आधा दर्जन किशोर रविवार को स्नान करने के लिए मुसहरी कोसी घाट पहुंचे थे। सभी बच्चे नदी में नहाने के दौरान पानी में अठखेलियां कर रहे थे। इसी दौरान नयन कुमार उर्फ नैना अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
नयन को डूबता देख युवराज उर्फ प्रीतम और लक्ष्मण कुमार उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वे भी संतुलन खो बैठे। देखते ही देखते तीनों किशोर अथाह पानी में समा गए।
घटना को देखकर साथ गए अन्य बच्चे घबराकर शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे और लोगों को इसकी सूचना दी। जब तक आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर नदी की ओर पड़ी, तब तक तीनों बच्चे पानी में डूब चुके थे।
पुलिस व एसडीआरएफ ने चलाया खोज अभियान
घटना की सूचना मिलते ही झंडापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही बिहपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) लवकुश कुमार, नदी थानाध्यक्ष केशव चंद्र और झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार से पांच बजे के बीच तीनों किशोरों के शव मुसहरी कोसी घाट से कुछ दूरी पर नदी से बरामद कर लिए गए।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन कोसी घाट पर पहुंच गए। अपने बेटों का शव देखकर माताओं का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां, भाई-बहन और अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोते रहे।
मृतक नयन कुमार उर्फ नैना तीन भाइयों में सबसे छोटा था और छठी कक्षा का छात्र था। उसके बड़े भाई नीलकमल और राजकमल पिता के साथ बाहर मजदूरी करते हैं। घटना के बाद मां पूजा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
युवराज कुमार उर्फ प्रीतम तीन भाइयों और एक बहन में मंझला था तथा नौवीं कक्षा में पढ़ता था। उसकी मां लूसी देवी और भाई-बहन भी सदमे में हैं।
लक्ष्मण कुमार तीन बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर पर था और छठी कक्षा का छात्र था। युवराज और लक्ष्मण आपस में चचेरे भाई थे। तीनों किशोरों के पिता रोजी-रोटी के लिए परदेश में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए।
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
एक साथ तीन किशोरों की मौत से हरियो महेशपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। हर घर में इस दर्दनाक घटना की चर्चा हो रही है और ग्रामीणों की आंखें नम हैं।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
नदी थानाध्यक्ष केशव चंद्र ने बताया कि कोसी नदी में स्नान के दौरान डूबने से तीन किशोरों की मौत हुई है। तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं बिहपुर के अंचलाधिकारी लवकुश कुमार ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सरकारी प्रावधानों के तहत मृतकों के परिजनों को आपदा राहत राशि प्रदान की जाएगी।















