


नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के मौजमा, गनौल और नवटोलिया गंगा दियारा इलाके में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ गया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार चार मार्च की रात मौजमाबाद निवासी अविनाश उर्फ बमबम चौधरी के दो मोटर पंपसेट मौजमा दियारा से अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिए। वहीं नवटोलिया निवासी किसान अमित चौधरी उर्फ झाखो चौधरी का एक मोटर पंपसेट भी चोरों ने बोरिंग से खोलकर गायब कर दिया। चोरी हुए सभी मोटर तीन एचपी के बताए जा रहे हैं, जिनकी कीमत करीब 18 से 20 हजार रुपये प्रति मोटर है।
किसानों ने बताया कि वे दिनभर खेतों में फसल की सिंचाई कर शाम को घर लौट आते हैं, जिसके बाद चोर रात में बोरिंग से मोटर और फीता खोलकर चोरी कर लेते हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान भय के साये में जी रहे हैं।
कुछ किसानों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अंधेरा होते ही चोर दियारा क्षेत्र में सक्रिय हो जाते हैं और उनके पास हथियार भी रहते हैं। इसी डर से किसान सूर्यास्त से पहले ही खेतों से घर लौट आते हैं और सुबह देर से खेत जाने की हिम्मत जुटा पाते हैं।
किसानों का कहना है कि फसल पकने का समय आ गया है और अगले महीने से कटाई शुरू हो जाएगी। ऐसे में फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की चिंता उन्हें सता रही है।
इस मामले में भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि मौजमा बहियार से दो मोटर चोरी होने की लिखित शिकायत मिली है। अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मोटर बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने किसानों से भयमुक्त होकर खेती करने की अपील की और फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाने में पुलिस की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया।















