


भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित डाटबाट के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालू लदा एक ट्रैक्टर तेज रफ्तार से हबीबपुर से कजरैली की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे पैदल जा रही महिला ट्रैक्टर के पीछे लगे ट्रॉली में फंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला के फंसने के बावजूद चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार कम नहीं की और तेजी से वाहन लेकर आगे बढ़ता रहा। इसके कारण महिला करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक बालू लदे वाहन के साथ मौके से फरार हो गया। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और कई घंटों तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश में जुट गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।















