


हादसे में दोनों चालक घायल, दुकान के उपकरणों को लगभग एक लाख रुपये का नुकसान
नवगछिया । भवानीपुर थाना क्षेत्र के बिरबन्ना चौक के समीप एनएच-31 पर शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे गिट्टी लदे ट्रक और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे स्थित हवा-पंक्चर की दुकान पर पलट गया, जबकि सीएनजी ऑटो एनएच पर ही पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय पंक्चर दुकानदार दुकान में मौजूद नहीं था और ऑटो में कोई यात्री सवार नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे में दोनों वाहनों के चालक आंशिक रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया, जबकि ट्रक चालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार गिट्टी लदा ट्रक (पीबी 13 बीटी 9866) नवगछिया से खगड़िया की ओर जा रहा था, जबकि सीएनजी ऑटो (बीआर 10 पीसी 5633) नारायणपुर में यात्रियों को छोड़कर नवगछिया की ओर लौट रही थी। बिरबन्ना चौक के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे के बाद एनएच पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
पंक्चर दुकानदार नयाटोला बिरबन्ना निवासी मो. ताहिर (पिता मरहूम अलाउद्दीन) ने बताया कि उनकी दुकान ही परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन है। हादसे में दुकान में रखा वाशिंग मशीन, इंजन, हवा टंकी समेत अन्य उपकरण ट्रक के नीचे दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। उन्होंने करीब एक लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित दुकानदार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि ट्रक और सीएनजी ऑटो की टक्कर में ट्रक चालक घायल हुआ है, जबकि ऑटो चालक फरार हो गया। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















