


नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में बिजली मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से एक निजी बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। घटना शनिवार की शाम सहोड़ा पावर ग्रिड के समीप घटी, जहां बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहे युवक को 11 हजार वोल्ट के करंट का झटका लगा और वह नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के हरनाथचक वार्ड संख्या–28 निवासी 25 वर्षीय नितेश कुमार (पिता स्वर्गीय फूलो यादव) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि नितेश निजी बिजली मिस्त्री के रूप में काम करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ठेकेदार द्वारा बिजली लाइन में नया तार लगाने का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान नितेश खंभे पर चढ़कर मरम्मत का कार्य कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मरम्मत के दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और जोरदार आवाज के साथ खंभे से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसका सिर फट गया और नाक व मुंह से खून निकलने लगा। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद साथ काम कर रहे मजदूर महादेव कुमार, छोटू कुमार और लालू कुमार उसे तुरंत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। रंगरा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि बिजली मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं विभाग के कनीय अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि उस क्षेत्र में कृषि कार्य से संबंधित लाइन पर काम चल रहा था और संबंधित पोल का शटडाउन लिया गया था। उन्होंने कहा कि युवक किस तार के संपर्क में आया और किस फीडर से करंट प्रवाहित हो रहा था, यह जांच का विषय है।
मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई पिंटू बाहर रहकर मजदूरी करता है, जबकि बहन की शादी हो चुकी है। पिता की दो वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां किरण देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।















