


नवगछिया रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट संख्या–11 स्थित बंद समपार फाटक का रेलवे विजिलेंस टीम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विजिलेंस टीम में इंस्पेक्टर सरोज कुमार और अनिल यादव मौजूद थे।
ज्ञात हो कि रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के बाद उक्त समपार फाटक को बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को आवाजाही के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ रही है।
समपार फाटक को पुनः खोलने तथा अंडरपास सड़क के निर्माण की मांग को लेकर आजाद हिंद मोर्चा के बैनर तले 9 मार्च को अनुमंडल कार्यालय नवगछिया परिसर में जनहित में विशाल हल्ला बोल धरना–प्रदर्शन किया गया था। इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, छात्र, मजदूर तथा बुद्धिजीवी शामिल हुए थे।
धरना–प्रदर्शन के बाद रेल प्रशासन की ओर से विजिलेंस टीम ने नवगछिया रेलवे स्टेशन के बंद गेट संख्या–11 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और स्थिति का जायजा लिया।
इस मौके पर विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि समपार फाटक को बंद करने से पहले अंडरपास सड़क का निर्माण होना चाहिए था, लेकिन विभाग और ठेकेदार की ओर से ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने लोगों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि इस पूरे मामले की रिपोर्ट रेल प्रशासन और रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी।
इस दौरान आजाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में छात्राएं, महिलाएं, किसान, मजदूर और युवा मौजूद थे, जिन्होंने अपनी-अपनी समस्याओं और परेशानियों को विस्तार से विजिलेंस टीम के समक्ष रखा।















