


एक माह के अंदर सर्वे कार्य पूरा करने का लक्ष्य
नवगछिया : नगर परिषद नवगछिया क्षेत्र में प्रॉपर्टी सर्वे का शुभारंभ सोमवार को किया गया। इसके जरिए डिजिटल रिकॉर्ड व टैक्स कलेक्शन बनाया जाएगा। साथ ही पीएम आवास जैसी योजनाओं के लिए डेटा तैयार किया जाएगा। यह कार्य जीआईएस (भौगोलिक सूचना प्रणाली) तकनीक और डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से किया जा रहा है। इससे नई संपत्तियों की पहचान कर उन्हें टैक्स के दायरे में लाया जा सकेगा।
कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि यह बिहार में भूमि सर्वेक्षण के बड़े अभियान का हिस्सा है, जो अब नगर निकायों में भी शुरू हो रहा है ताकि राजस्व व्यवस्था में सुधार हो सके। नगर परिषद क्षेत्र में बने मकान, दुकान, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स व अन्य परिसरों का सर्वे किया जाएगा।
नगर परिषद नवगछिया क्षेत्र में लगभग 8400 हाउसहोल्ड का सर्वे किया जाएगा। इसके लिए चयनित J.M. EnviroNet Pvt. Ltd. एजेंसी द्वारा सर्वे का कार्य कराया जा रहा है। एजेंसी के कर्मी डोर-टू-डोर सर्वे कर संपत्तियों का विवरण एकत्र करेंगे और मकान के स्वरूप की पहचान करेंगे। संपत्ति के मालिकाना हक रखने वाले लोगों को यूनिक आईडी दी जाएगी।
सर्वे का पूरा डेटा जीआईएस के माध्यम से मैप किया जाएगा। सर्वे पूरा होने के बाद एक क्लिक में नगर परिषद क्षेत्र की किसी भी संपत्ति के मालिकाना हक और उसके स्वरूप की जानकारी मिल सकेगी। विभाग की ओर से सर्वे की पूरी निगरानी की जाएगी।
कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि प्रॉपर्टी सर्वे से नगर को सुव्यवस्थित करने व नागरिकों को बेहतर सुविधा देने में सहूलियत होगी। साथ ही होल्डिंग टैक्स की वसूली में भी बढ़ोतरी होगी। सर्वे का कार्य एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।















