


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर मुस्लिम टोला में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गंगा नदी में नहाने के दौरान एक 8 वर्षीय मासूम बच्चे की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान मोहम्मद किर्दोष (8 वर्ष), पिता मोहम्मद साजन अली, निवासी लक्ष्मीपुर मुस्लिम टोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने गया था। खेलते-खेलते सभी बच्चे नदी में उतर गए, लेकिन इसी दौरान किर्दोष अनजाने में गहरे पानी की ओर चला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चों को नदी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा नहीं था। गहरे पानी में पहुंचते ही किर्दोष डूबने लगा। उसके साथ मौजूद अन्य बच्चों ने घबराकर शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की।
काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। अपने मासूम बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।
सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
घटना पर जिला परिषद अध्यक्ष बिपिन मंडल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और प्रशासन से पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के दिनों में बच्चे अक्सर गंगा नदी में नहाने जाते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।













