


भागलपुर।
स्मार्ट सिटी भागलपुर में लंबे अंतराल के बाद मनोरंजन का अनूठा साधन ‘अफ्रीकन रोलेक्स सर्कस’ पहली बार पहुंचा है। सबौर के जीरो माइल क्षेत्र स्थित सुलोचना मार्केट कॉम्प्लेक्स, गंगा ब्रिज रोड पर लगे इस सर्कस ने लोगों के बीच खासा उत्साह पैदा कर दिया है। यह सर्कस पुराने दौर की यादों को ताजा करने के साथ-साथ आधुनिक अंदाज में दर्शकों को आकर्षित कर रहा है।
सर्कस में दर्शकों को करीब दो घंटे तक विभिन्न प्रकार के रोमांचक करतब, स्टंट और मनोरंजक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। सर्कस के प्रबंधक रुपेश कुमार सिंह ने बताया कि दशकों के बाद भागलपुर में केन्या और दक्षिण अफ्रीका के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करने पहुंचे हैं, जो इस आयोजन को खास बनाता है।
उन्होंने कहा कि पहले के समय में सर्कस में जानवरों के करतब प्रमुख आकर्षण होते थे, लेकिन अब उनकी जगह मानव कलाकारों ने ले ली है, जो अपने साहसिक प्रदर्शन से दर्शकों को रोमांचित कर रहे हैं। यह सर्कस परिवार के साथ देखने योग्य है, जहां हर आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन की व्यवस्था की गई है।
दर्शकों की सुविधा के लिए प्रतिदिन तीन शो आयोजित किए जा रहे हैं—दोपहर 1 बजे, शाम 4 बजे और रात्रि 7 बजे। टिकट दर भी अलग-अलग श्रेणियों में निर्धारित की गई है। स्पेशल क्लास का टिकट 300 रुपये, रेगुलर क्लास 200 रुपये, डीसी क्लास 150 रुपये तथा गैलरी का टिकट 100 रुपये रखा गया है। प्रबंधन के अनुसार तीन वर्ष से अधिक आयु के बच्चों के लिए पूरा टिकट लेना अनिवार्य है।
सर्कस के आगमन से शहरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग परिवार के साथ इस मनोरंजन का आनंद लेने पहुंच रहे हैं।













