


भागलपुर । बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट को लेकर एक महत्वपूर्ण ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए आम जनता तक रसोई गैस, पेट्रोल एवं डीजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासनिक टीम 24 घंटे सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। आम जनता से प्राप्त किसी भी सूचना या शिकायत का त्वरित निष्पादन किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जिले में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि तेल एवं गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वहीं, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने स्पष्ट किया कि गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस संबंध में अफवाह फैलाता है या गलत जानकारी देता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दें।













