



नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर साहू टोला में दो भाइयों के बीच हिंसक विवाद में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। घटना में कन्हैया के छोटे भाई कुंदन और उसकी पत्नी ने मिलकर कुदाल से हमला किया।
जानकारी के अनुसार, छोटे भाई कुंदन ने अपने बड़े भाई के घर के सामने एक कमरा बनाया था, जिसे वह बेचने की योजना बना रहा था। इस निर्माण और दीवार देने को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर कुंदन और उसकी पत्नी ने करीब 1 घंटे तक मारपीट की और कन्हैया के सिर में गंभीर चोटें आईं।

घायल कन्हैया कुमार को पहले नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल की पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि इससे पहले भी उनके और कुंदन के बीच कई बार विवाद हो चुका है। कुंदन अक्सर घर के सामने मकान निर्माण करता और उसे बेचने की तैयारी में रहता था, जिसका विरोध किया जाता था। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि कुंदन इलाके में नशे के बड़े पैमाने पर कारोबार में संलिप्त है और कई बार बदमाशों को हायर कर फायरिंग भी करवाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। रंगरा थाना अध्यक्ष बिस्बंधु ने बताया कि घायल को इलाज के लिए भेज दिया गया है और आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














