5
(1)

पूर्णिया। सदर विधायक विजय खेमका ने पटना स्थित पथ निर्माण विभाग कार्यालय में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल से मुलाकात कर पूर्णिया शहर की प्रमुख सड़कों के विकास एवं गुलाबबाग जीरो माइल चौराहा गोलंबर के सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की।

मुलाकात के दौरान विधायक ने मंत्री को बताया कि गुलाबबाग जीरो माइल चौराहा नॉर्थ-ईस्ट क्षेत्र का प्रवेश द्वार माना जाता है, जहां बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए गोलंबर का सौंदर्यीकरण एवं सुगमीकरण अत्यंत आवश्यक है। मंत्री डॉ. जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गोलंबर के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति प्रदान की।
इसके साथ ही शहर की तीन प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का भी निर्देश दिया गया। इनमें गुलाबबाग से बीरपुर तक, जनता चौक से पिंक सिटी वाया सरना चौक तथा गुलाबबाग से पूर्णिया सिटी तक लगभग दस किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है, जो शहर के लिए बाईपास के रूप में महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।

विधायक ने फोर्ड कंपनी से गिरजा चौक, थाना चौक, मधुबनी चौक एवं मझेली चौक होते हुए एनएच-107 तक स्वीकृत महत्वपूर्ण सड़क के चौड़ीकरण कार्य तथा पूर्णिया मेडिकल कॉलेज के सामने प्रस्तावित सिक्स लेन सड़क के दोनों ओर फुटपाथ निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में हो रही देरी की जानकारी भी मंत्री को दी।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि पूर्णिया प्रमंडल मुख्यालय होने के कारण यहां यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पथ निर्माण विभाग की सड़कों को आधुनिक, चौड़ी एवं सुविधायुक्त बनाया जाएगा, ताकि आवागमन सुगम हो सके।

सदर विधायक विजय खेमका ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में पूर्णिया में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नगर विकास विभाग, पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा सड़कों का व्यापक विकास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और सभी क्षेत्रों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

विधायक ने सड़कों की स्वीकृति एवं विकास कार्यों के लिए मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: