


पूर्णिया। जिला कांग्रेस कार्यालय गोकुल कृष्ण आश्रम परिसर में कांग्रेस पार्टी द्वारा नवनियुक्त ग्रामीण जिला अध्यक्ष अफरोज आलम एवं महानगर अध्यक्ष कुमार आदित्य के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने दोनों अध्यक्षों का फूल-माला, पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और संगठन ही कांग्रेस की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता राहुल गांधी तथा प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के विचारों पर चलकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्णिया में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में सांसद पप्पू यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
नवनियुक्त ग्रामीण जिला अध्यक्ष अफरोज आलम ने कहा कि वे कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक पहुंचेंगे। वहीं महानगर अध्यक्ष कुमार आदित्य ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान एवं संगठनात्मक एकजुटता को प्राथमिकता देने की बात कही।
कार्यक्रम में कसबा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी इरफान साहब सहित अन्य नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने का संकल्प दोहराया। वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज में भाईचारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वागत समारोह में पूर्व विधायक अमरनाथ तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष छोटू सिंह, अलीमुद्दीन, नीरज यादव, करण यादव, अली खान, शेख सद्दाम, मुन्नी मरांडी, अफरोज खान, जयवर्धन सिंह, असनारायण चौधरी, वकील पप्पू, वॉइस खान, संजय सिंह, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव सहित जिला कांग्रेस कमेटी एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत करने तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।













