


नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में अवैध खनन और बेलगाम वाहनों का कहर लगातार जारी है। गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 90 वर्षीय वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के मनिया मोड़ चौक के समीप ग्रामीण सड़क पर हुई, जहां अवैध बालू लादकर जा रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने वृद्ध को कुचल दिया।
मृतक की पहचान शहीद टोला, नवगछिया निवासी शालीग्राम भगत (90 वर्ष), पिता स्व. हरि प्रसाद भगत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका पैतृक घर श्रीपुर में है।

दूध लाने निकले थे, रास्ते में हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, शालीग्राम भगत घर से पूजा-अर्चना के लिए प्रसाद बनाने हेतु दूध लाने निकले थे। दूध लेकर लौटने के दौरान ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वृद्ध स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ गया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक ट्रैक्टर लेकर फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

अवैध खनन बना हादसों की वजह
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नवगछिया बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में कोसी नदी से अवैध रूप से बालू और मिट्टी का खनन लगातार जारी है। इन अवैध खनन सामग्रियों को जर्जर और अनियंत्रित ट्रैक्टरों के जरिए ढोया जा रहा है, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
लोगों का कहना है कि भागलपुर के सबौर और घोघा क्षेत्र से भी प्रतिदिन ओवरलोड ट्रैक्टरों के जरिए ईंट और बालू की ढुलाई की जाती है, जो विभिन्न बाजारों और सड़कों से होकर गुजरते हैं और दुर्घटनाओं को न्योता देते हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने, ऐसे ट्रैक्टरों को जब्त करने और वाहन मालिकों व चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।













