


भागलपुर :
बिहपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के सचेतक इंजीनियर शैलेंद्र की उपस्थिति में शुक्रवार को बिहपुर स्थित एनडीए कार्यालय में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारी और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने कहा कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में भाजपा कार्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। साथ ही पार्टी के सभी कार्यकारिणी पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों और समर्पित कार्यकर्ताओं के घरों पर पार्टी का झंडा फहराया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बने। उन्होंने बताया कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का स्थापना दिवस 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक पर्व की तरह मनाया जाएगा और इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, नवगछिया के उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने कहा कि इस बार जिला कार्यालय में भी स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यालय को फूलों और दीयों से सजाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल रहेगा। बैठक में पवन यादव, पिंटू कुमार गुप्ता, अजय उर्फ माटो, प्रो. धनंजय मिश्र, सिंटू, लालमोहन, सदानंद सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।













