0
(0)

भागलपुर जिले के शाहकुंड-अकबरनगर मुख्य मार्ग पर सैदपुर और जानीपुर के बीच बुधवार को दिनदहाड़े लूट की एक बड़ी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात अपराधियों ने पेट्रोल पंप मालिक से 8 लाख 10 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित मंटू कुमार अपने पेट्रोल पंप से नकदी लेकर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाहकुंड शाखा में जमा करने जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधी उनका पीछा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे।

जैसे ही मंटू कुमार सैदपुर और जानीपुर के बीच सुनसान स्थान पर पहुंचे, अपराधियों ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारकर गिरा दिया। गिरते ही एक अपराधी ने हथियार के बल पर उन्हें डराया और उनकी बाइक की डिक्की से 8 लाख 10 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी तेजी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही शाहकुंड थाना अध्यक्ष अनिल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।

वहीं विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार अपराधी लगातार पेट्रोल पंप मालिक का पीछा कर रहे थे। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: