


बच्चों के अधिकार, सुरक्षा व कानून की जानकारी देकर किया गया जागरूक
नवगछिया। अनुमंडल क्षेत्र के सिंघिया मकनदपुर स्थित सुप्रसिद्ध ज्ञान वाटिका विद्यालय में रविवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधि विशेषज्ञों की टीम ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। विद्यालय सचिव ने अंगवस्त्र प्रदान कर सभी अतिथियों को सम्मानित किया, वहीं शिक्षक प्रतिनिधि द्वारा उन्हें श्री दुर्गा सप्तशती पाठ की पुस्तक भेंट की गई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य ने धारा 63 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। विद्यालय सचिव ने भी वर्तमान समय में बच्चों के साथ होने वाले शोषण के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
विधि विशेषज्ञों की टीम ने राष्ट्रीय लोक अदालत (09 मई 2026) एवं किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2000 जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों के अधिकार, उनकी सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। साथ ही अभिभावकों को यह भी बताया गया कि किसी भी अन्यायपूर्ण घटना की स्थिति में किस प्रकार कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही। ऐसे कार्यक्रम समाज में कानूनी जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।














