


नवगछिया के एनएच-31 स्थित प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले “क्रिएटिव टैलेंट हंट 2026” को लेकर छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया तेज गति से जारी है और अब तक 150 से अधिक प्रतिभागी अपना पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं अन्य छात्र-छात्राएं भी लगातार रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं।
कार्यक्रम के समन्वयक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रतिदिन रजिस्ट्रेशन की संख्या बढ़ रही है, उससे उम्मीद है कि आने वाले दिनों में प्रतिभागियों की संख्या और अधिक बढ़ेगी।
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतियोगिता की लिखित परीक्षा 1 मई 2026 को आयोजित होने की संभावना है। प्रतियोगिता को विभिन्न आयु वर्ग एवं कक्षाओं के आधार पर पांच श्रेणियों—किड्स, प्री-जूनियर, जूनियर, सीनियर और सीनियर सेकेंडरी—में विभाजित किया गया है। इसमें केजी से लेकर कक्षा 9 एवं उससे ऊपर तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 200 रुपये का रजिस्ट्रेशन शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के उपरांत सभी प्रतिभागियों को एडमिट कार्ड प्रदान किया जाएगा, जिसके आधार पर वे लिखित परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। परीक्षा ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी, जिसमें काले या नीले बॉल पेन का उपयोग अनिवार्य रहेगा।
लिखित परीक्षा में कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 50 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रश्नों का माध्यम अंग्रेजी रहेगा। परीक्षा परिणाम जीएस न्यूज अखबार एवं उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति पूरी तरह से तैयारी में जुटी हुई है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विद्यालय कार्यालय या कार्यक्रम समन्वयक से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 9709894194 एवं 7004826539 जारी किए गए हैं।















