


बासा पर मौजूद थे मो. जैनुल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नवगछिया के बिहपुर प्रखंड के बिहपुर पूरब मिल्की पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या आठ में सोमवार देर रात आए तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी के दौरान बासा पर बिजली का पोल और सीमेंट का पिलर गिर जाने से 57 वर्षीय पशुपालक मो. जैनुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान स्वर्गीय महरूम रियासत हुसैन के पुत्र मो. जैनुल के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सोमवार देर रात अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। उस समय मो. जैनुल अपने बासा पर मौजूद थे और मवेशियों की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान तेज हवा के कारण पास का बिजली का पोल और सीमेंट का पिलर अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भयावह था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। पोल और पिलर गिरने से उनके शरीर पर गंभीर चोटें आई और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक की पत्नी मीरा खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि मो. जैनुल पशुपालन कर ही परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मृतक अपने पीछे चार बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि अब पूरे परिवार की जिम्मेदारी अचानक उनके कंधों पर आ गई है। गांव में भी घटना के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।














