5
(2)

भागलपुर संसदीय क्षेत्र के कई स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं की मांग

भागलपुर । सोनपुर स्थित रेल अधिकारी क्लब में आयोजित सोनपुर मंडल संसदीय समिति की बैठक में भागलपुर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए। बैठक में भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल के प्रतिनिधि के रूप में गौरव कुमार शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की।

बैठक के दौरान भागलपुर संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्ताव रखे गए। सांसद अजय कुमार मंडल के निर्देशानुसार कटरिया रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 15713/15714 इंटरसिटी एक्सप्रेस, 13163/13164 हाटे-बाजारे एक्सप्रेस तथा 13245/13247 राजेंद्र नगर टर्मिनल कैपिटल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई।

वहीं नवगछिया रेलवे स्टेशन पर न्यू जलपाईगुड़ी–आनंद विहार एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस, कामाख्या–गांधीधाम एक्सप्रेस, कर्मभूमि एक्सप्रेस, त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस तथा कामाख्या–गोमती नगर एक्सप्रेस के ठहराव की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

इसके अलावा बिहपुर रेलवे स्टेशन पर नॉर्थ ईस्ट सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, गरीब नवाज एक्सप्रेस, अमरनाथ एक्सप्रेस तथा चंपारण एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी जोरदार तरीके से रखी गई।

बैठक में नवगछिया अनुमंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, शुद्ध पेयजल, शौचालय, सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्री शेड निर्माण की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि कटरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1 एवं 2 के ऊँचीकरण का कार्य 8.2 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त कटरिया, थानाबिहपुर, नारायणपुर, पसराहा, गौछारी, खरीक, कुरसेला, बखरी तथा सेमापुर रेलवे स्टेशनों पर यात्री शेड निर्माण हेतु 10.13 करोड़ रुपये की संयुक्त योजना स्वीकृत की जा चुकी है। इस योजना पर गतिशक्ति इकाई द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे अधिकारियों ने यह भी बताया कि नवगछिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर सीआईडी स्थापना का कार्य प्रस्तावित है। वहीं खरीक रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 एवं 3 के ऊँचीकरण के लिए 7.48 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत हो चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न स्थानों पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) एवं एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) निर्माण की मांग भी उठाई गई। सांसद प्रतिनिधि गौरव कुमार ने कहा कि रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी स्टेशनों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: