


राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के पदाधिकारियों ने किया कार्यक्रम में सहभागिता, सेवा कार्यों की सराहना
नवगछिया। परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद एवं संरक्षक हनुमानजी महाराज की कृपा से संचालित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था सेवा श्री नवगछिया द्वारा प्रत्येक शनिवार की भांति इस शनिवार भी महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंद लोगों के बीच श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद का वितरण किया गया।
महाप्रसाद के रूप में श्रद्धालुओं को पूरी एवं खीर का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया तथा सेवा श्री नवगछिया के इस सेवा कार्य की सराहना की। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सेवा श्री नवगछिया के सभी सदस्यों ने दिनभर मेहनत कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के स्वयंसेवकों ने प्रसाद निर्माण से लेकर वितरण तक की व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संभाला।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ, नवगछिया के जिलाध्यक्ष पंडित ललित झा, महासंघ के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी विश्वास झा, महासचिव पंडित नंदलाल तिवारी, प्रखंड अध्यक्ष पंडित कन्हैया झा तथा जीएस न्यूज के संरक्षक एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के संरक्षक पंडित सह अधिवक्ता अजीत पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने सेवा श्री नवगछिया के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए संस्था के सदस्यों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ किया गया। इस दौरान सेवा श्री नवगछिया के सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं महाप्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज में सेवा, सहयोग और धार्मिक मूल्यों को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं। सेवा श्री नवगछिया द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे जनसेवा के कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।















