


ताला तोड़कर घुसे चोर, पुलिस जांच में जुटी
भागलपुर। तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित भागलपुर सांसद अजय मंडल के कार्यालय में चोरी की घटना सामने आई है। चोर कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और सीसीटीवी डीवीआर, कंप्यूटर सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार होने के कारण सांसद कार्यालय बंद था। सोमवार सुबह कार्यालय पहुंचने पर सांसद के सचिव गौरव कुमार ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा। अंदर जाने पर कार्यालय में रखी आलमारी खुली मिली तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, कंप्यूटर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही तिलकामांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा अपराधियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
कार्यालय सचिव गौरव कुमार ने बताया कि चोर महत्वपूर्ण सामान और दस्तावेज अपने साथ ले गए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
















