


खेत से काम कर पत्नी के साथ लौट रहे थे घर, मौके पर गई जान
नवगछिया के नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र के आशाटोल गांव में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब किसान अपनी पत्नी के साथ खेत से काम कर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान नारायणपुर प्रखंड के जयपुर चुहर पश्चिम पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी 56 वर्षीय प्रकाश शर्मा, पिता स्वर्गीय कोकन शर्मा, के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह बारिश शुरू होने से पहले प्रकाश शर्मा अपनी पत्नी सुदामा देवी के साथ खेत में जलावन चुनने गए थे। दोनों बहियार में जलावन इकट्ठा कर रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:45 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों घर लौटने लगे, लेकिन कुछ ही दूरी तय करने के बाद तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आने से प्रकाश शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों और मजदूरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
सूचना मिलने पर भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
मृतक अपने परिवार का भरण-पोषण मेहनत-मजदूरी कर करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। घटना के बाद पत्नी सुदामा देवी तथा पुत्र-पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को आपदा राहत मद से उचित मुआवजा देने की मांग की है।
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
















