5
(2)

 

चारा लेकर लौटने के दौरान हादसा, परिवार में मचा कोहराम; सरकारी सहायता की उठी मांग

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नवगछिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर नगर परिषद वार्ड संख्या-3 में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की कोसी नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान श्रीपुर वार्ड संख्या-3 निवासी झकसु सिंह के पुत्र सुनील कुमार (19) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुनील मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने में अपने पिता का हाथ बंटाता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।

परिजनों के अनुसार गुरुवार को सुनील खेत गया था और वहां से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कोसी नदी की धार के समीप से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धार के कारण वह लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां मंजू देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि पिता झकसु सिंह गहरे सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि उनके दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिनमें सुनील सबसे बड़ा पुत्र था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं और वह मेहनत-मजदूरी कर घर की जिम्मेदारियों को संभाल रहा था।

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाने का प्रयास किया, लेकिन हर आंख नम थी। गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

सूचना मिलने पर नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कोसी नदी से निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया लाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

सरकारी सहायता की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आपदा राहत मद एवं अन्य सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सुनील परिवार का कमाऊ सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

वार्ड पार्षद नागेश्वर सिंह ने जताया दुख

घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद नागेश्वर सिंह भी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

नागेश्वर सिंह, वार्ड पार्षद नें कहा –

“सुनील कुमार की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। वह एक मेहनती और जिम्मेदार युवक था, जो परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत करता था। उसकी असामयिक मौत से पूरा गांव दुखी है। मैं प्रशासन से मांग करता हूं कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत मद से अविलंब मुआवजा दिया जाए और सरकार की सभी पात्र योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके।”

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: