


दिनभर थाने में लगाती रहीं गुहार, कार्रवाई की मांग लेकर पहुंचीं एसपी कार्यालय
नवगछिया थाना क्षेत्र के एक गांव से दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की मां ने नवगछिया थाना में आवेदन देकर पुत्री की सकुशल बरामदगी की मांग की है। वहीं, दिनभर थाने में गुहार लगाने के बाद भी संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए वह नवगछिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री, जो स्थानीय विद्यालय में दसवीं कक्षा की छात्रा है, गुरुवार सुबह घर से निकली और उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों ने आशंका जताई है कि गांव के ही एक युवक द्वारा छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। इस संबंध में उन्होंने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता की मां का कहना है कि वह पूरे दिन थाना में बैठकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाती रहीं, लेकिन जब उन्हें अपेक्षित कार्रवाई होती नहीं दिखी तो वह सीधे एसपी कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने अधिकारियों से मिलकर अपनी पुत्री को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की।
मां ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि उनकी नाबालिग पुत्री सुरक्षित घर लौट सके।
इधर, पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। छात्रा की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं पर जांच चल रही है।
















