5
(2)

श्रीमद्भागवत कथा के विराम दिवस पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति रस में डूबा माहौल

नवगछिया ।
गोपालपुर प्रखंड के सैदपुर स्थित महावीर मंदिर परिसर में शिव शक्ति योग पीठ के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के विराम दिवस पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कथा स्थल पूरे दिन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म और भक्ति का अमृत रस ग्रहण किया।

कथा व्यास एवं मानस-भागवत मर्मज्ञ पंडित प्रेम शंकर भारती ने श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सदाचार और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ और सौभाग्य से प्राप्त होता है। इस जीवन को प्रभु भक्ति, सत्संग, सत्कर्म और सेवा में लगाकर ही सार्थक बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि धर्म के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति को अंततः सफलता और सम्मान प्राप्त होता है, जबकि अधर्म और अन्याय का अंत निश्चित है। भगवान की भक्ति से मनुष्य के जीवन में शांति, संतोष और सकारात्मकता का संचार होता है।

कथा के दौरान भगवान की विभिन्न दिव्य लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और भजनों के साथ आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामूहिक आरती, भजन-कीर्तन एवं संकीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आरती में भाग लिया तथा क्षेत्र के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कथा के समापन के साथ ही पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: