


बाल श्रम उन्मूलन को लेकर दिलाई गई शपथ, जागरूकता अभियान शुरू
पूर्णिया ।
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उप श्रम आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल के सभागार में बाल श्रम उन्मूलन एवं जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अवर न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार पूर्णिया सुनील कुमार ने जागरूकता प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मियों, छात्राओं एवं अतिथियों को शपथ दिलाई गई कि वे 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम कार्य नहीं कराएंगे तथा बाल श्रम के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का निरंतर प्रयास करेंगे।
अपने संबोधन में अवर न्यायाधीश सुनील कुमार ने विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न श्रम कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्थान विद्यालय में है, कार्यस्थल पर नहीं। समाज को बाल श्रम मुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सुमित प्रकाश, प्रयास जैक सोसाइटी के जिला समन्वयक मो. सज्जाद आलम, संस्था के सदस्य पिंटू कुमार तथा महिला आईटीआई की छात्रा नेहा कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बाल श्रम उन्मूलन की आवश्यकता पर बल दिया।
मंच संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रूपौली संजीव कुमार चौधरी ने किया। कार्यक्रम में प्रभारी श्रम अधीक्षक शुभम प्रियदर्शी, विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) के सदस्य, महिला आईटीआई की छात्राएं एवं कार्यालय कर्मी उपस्थित रहे।
अंत में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी डगरूआ अमरनाथ यादव ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। उन्होंने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ जन-जागरूकता ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
















