5
(2)

सुंदरकांड पाठ, अभिषेक, भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नवगछिया के शहीद टोला स्थित प्रसिद्ध चेती दुर्गा मंदिर का 8वां स्थापना दिवस एवं वार्षिकोत्सव शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों, सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष अभिषेक एवं पूजन के साथ हुई। यह धार्मिक अनुष्ठान दोपहर 3:30 बजे तक चला। इसके बाद नवगछिया नगर परिषद क्षेत्र की महिलाओं के समूह द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ किया गया, जो शाम 6:00 बजे तक चला। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूबा रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम तथा हनुमान जी के जयकारे लगाए।

शाम 6:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायकों ने माता रानी, भगवान शिव एवं हनुमान जी की महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु देर रात तक भजनों का आनंद लेते रहे।

मंदिर के सेवक पंडित अजित पांडेय ने बताया कि गुरुदेव भगवान जी के आशीर्वाद से मंदिर ने सफलतापूर्वक अपना आठवां वर्ष पूरा किया है। स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के बीच 41 किलोग्राम लड्डू, आम, चॉकलेट और केला प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।

उन्होंने कहा कि चेती दुर्गा मंदिर वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है और प्रत्येक वर्ष वार्षिकोत्सव पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर माता भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। कार्यक्रम की सफलता में मंदिर समिति, महिला समूह एवं स्थानीय श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वार्षिकोत्सव के अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने माता रानी से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: