


योग्य छात्र-छात्राओं से 25 जून तक आवेदन करने की अपील, 60 प्रतिशत अंक वाले अभ्यर्थी ले सकते हैं भाग
भागलपुर । पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, नगरपारा (भागलपुर) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 वाणिज्य संकाय की रिक्त सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विद्यालय प्रशासन ने निर्धारित योग्यता रखने वाले छात्र-छात्राओं से आवेदन करने की अपील की है।
विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन के लिए वैसे छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं की परीक्षा न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होनी चाहिए।

प्राचार्य ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय भारत सरकार द्वारा संचालित एक प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थान है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। ऐसे में वाणिज्य संकाय में अध्ययन करने के इच्छुक योग्य विद्यार्थियों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय से भी निःशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है।

विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठा सकें।
नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9818602854 एवं 9431472023 पर संपर्क कर सकते हैं। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि चयन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारियां आवेदन पत्र के साथ उपलब्ध कराई जाएंगी।
गौरतलब है कि जवाहर नवोदय विद्यालय देशभर में ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जाना जाता है। यहां विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी अनुकूल वातावरण प्रदान किया जाता है।

















