


नवगछिया । इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के पुरानी दुर्गा मंदिर गंगा घाट पर बुधवार को स्नान के दौरान एक 12 वर्षीय किशोर की गंगा में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नयाटोला, फुलकिया निवासी रूपेश कुमार (12 वर्ष) पिता विनोद राम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रूपेश बुधवार की सुबह घर वालों को बिना बताए पड़ोस के कुछ बच्चों और ग्रामीणों के साथ गंगा स्नान करने पुरानी दुर्गा मंदिर घाट पहुंचा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। गंगा के तेज बहाव के कारण वह खुद को संभाल नहीं सका और देखते ही देखते डूबने लगा। घाट पर मौजूद लोगों ने जब किशोर को डूबते देखा तो शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह गंगा की तेज धारा में लापता हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों एवं ग्रामीणों की मदद से किशोर की तलाश शुरू करवाई। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर का शव गंगा से बरामद किया गया।
घटना की खबर फैलते ही घाट पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बेटे का शव देखते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।
मृतक के चाचा विलास राम ने बताया कि रूपेश घर में बिना बताए गंगा स्नान करने चला गया था। किसी को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह घाट पर गया है। उन्होंने बताया कि रूपेश पढ़ाई में भी अच्छा था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र था।
जानकारी के अनुसार रूपेश छह भाइयों और तीन बहनों में चौथा संतान था। वह स्थानीय विद्यालय में छठी कक्षा का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां गीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि भाई-बहन भी सदमे में हैं।
शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि गंगा में डूबने से एक किशोर की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल किसी प्रकार का आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
















