


नारायणपुर के भवानीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में चोरी के आरोप में एक युवक को पकड़कर पेड़ से बांधकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़पुर गांव निवासी झुनकर लाल के घर में कथित रूप से चोरी करने के दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को पकड़ने के बाद कुछ लोगों ने उसे गांव के एक पेड़ से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो में युवक पेड़ से बंधा दिखाई दे रहा है। उसके गले में लाल रंग का गमछा डाले एक व्यक्ति भी नजर आ रहा है। वीडियो में युवक मारपीट के भय से एम्पलीफायर चोरी करने की बात स्वीकार करता हुआ सुनाई दे रहा है। वहीं कुछ लोग उसे धमकाते हुए भी दिखाई पड़ रहे हैं। वीडियो में कुछ व्यक्तियों द्वारा आपत्तिजनक और डराने वाली बातें कहे जाने की भी चर्चा है।
बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो कथित रूप से दीपक कुशवाहा नामक एक ब्लॉगर के फेसबुक आईडी से पोस्ट किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान थे। इसी कारण युवक को पकड़ने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। हालांकि कानून के जानकारों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति पर आरोप लगने मात्र से उसे दंड देने का अधिकार किसी को नहीं है। किसी आरोपित को सजा देने का अधिकार केवल न्यायालय और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को है। किसी व्यक्ति को पेड़ से बांधकर मारपीट करना स्वयं कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।
इधर मामले को लेकर भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। पुलिस वीडियो की सत्यता एवं पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक के खिलाफ चोरी का कोई औपचारिक मामला दर्ज किया गया है या नहीं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
















