


नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नवगछिया थाना में पदस्थापित एक सब इंस्पेक्टर सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गुरुवार की रात्रि लगभग 9 बजे के आसपास एनएच-31 स्थित नवगछिया टोल प्लाजा के समीप हुई, जहां बाइक सवार सब इंस्पेक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायल पुलिस अधिकारी की पहचान नवगछिया थाना में कार्यरत सब इंस्पेक्टर महेश कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद वे सड़क पर घायल अवस्था में पड़े हुए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर की नजर उन पर पड़ी। वर्दी और नाम पट्टी देखकर उसने उन्हें पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान लिया। मानवता का परिचय देते हुए राहगीर ने अपनी कार से उन्हें तत्काल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
राहगीर ने बताया कि घायल अधिकारी के पास उनका मोबाइल फोन, सर्विस रिवॉल्वर और अन्य सामान सुरक्षित था। दुर्घटना में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। अस्पताल पहुंचाने के बाद घटना की सूचना नवगछिया थाना को दी गई।
सूचना मिलते ही नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर भी अस्पताल पहुंचे और घायल अधिकारी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में सब इंस्पेक्टर के सिर में गंभीर चोट लगी है। उनके चेहरे पर भी कई स्थानों पर कटने के निशान पाए गए हैं तथा काफी रक्तस्राव हुआ है। प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी।
घटना को लेकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया कि घायल अधिकारी के मुंह से शराब जैसी गंध आ रही थी। हालांकि इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस या चिकित्सकीय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) रेफर कर दिया। वहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में चिंता का माहौल है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।















