


नवगछिया : भारतीय जनता पार्टी जिला नवगछिया द्वारा “बारह साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत बुधवार को प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भारत की वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता को आवश्यक बताया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। वक्ताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष बिनोद मंडल, पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पाण्डेय, जिला महामंत्री मुरारी लाल चिरानिया, जिला मंत्री बासुकी मंडल, शंभू ठाकुर, शंभू पासवान, अभिनंदन यादव, नगर अध्यक्ष दीपक भगत, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, विक्रम सिंह, मुकेश मंडल सहित सुबोध सिंह, बबलू चौधरी, अभिषेक गुप्ता, चंदन भगत, लालबिहारी सिंह, विधान चंद्र भगत, अशोक जायसवाल, निरंजन साह, सुरेंद्र चौधरी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सम्मेलन के अंत में विकसित भारत के संकल्प को घर-घर पहुंचाने तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती और जनसंपर्क के माध्यम से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।















