


शेखपुरा। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शेखपुरा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदी यादव के नेतृत्व में निकाले गए आक्रोश मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। साथ ही महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा गया।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदी यादव ने कहा कि देश के छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और कठिन परिश्रम के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय हैं।
उन्होंने शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की मांग की और कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
महंगाई और भ्रष्टाचार पर भी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति संवेदनशील नहीं है। कांग्रेस नेता सत्यजीत कुमार ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होना लोकतंत्र और शिक्षा व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक है। उन्होंने युवाओं के हित में पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी के साथ किया गया।















