


सहरसा।
जिला कांग्रेस कमेटी सहरसा के तत्वावधान में शनिवार को केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में रैली निकाली गई। जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार झा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला परिषद मैदान से शंकर चौक तक मार्च कर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नीट परीक्षा में कथित अनियमितता एवं अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगों को उठाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार झा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और युवाओं तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और आम जनता की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी।
रैली में एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशर कुमार सिंह, प्रदेश प्रतिनिधि मो. नईम उद्दीन, वरीय उपाध्यक्ष कुमार हीरा प्रभाकर, रामशरण कुमार, बद्री प्रसाद यादव, सत्य नारायण चौपाल, रंजन यादव, शोभाकांत झा, बैद्यनाथ झा, मंगल झा, मो. खाजा, नितीश कुमार, राम कुमार पासवान, भरत नारायण झा, वीरेंद्र पासवान, गबन कुमार सिंह, प्रतिभा सिंह डोली, मृत्युंजय कुमार सिंह, भरत झा, बिंदेश्वरी यादव, अविनाश कुमार ‘भोलू’, आलोक कुमार ठाकुर, हासिम अंसारी, बिनोद शर्मा, मो. इस्माइल, मो. रुवान, बंटी झा, मो. मोईन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
रैली शंकर चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई, जहां नेताओं ने विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार व्यक्त किए और सरकार से जनहित के सवालों पर ठोस कदम उठाने की मांग की।
















