


पूर्णिया। नगर निगम पूर्णिया क्षेत्र को सुंदर, स्वच्छ, हरित और आधुनिक बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को महापौर विभा कुमारी ने वार्ड संख्या 41 स्थित खुश्कीबाग के मिलनपाड़ा में निर्माणाधीन आधुनिक पार्क का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर निगम जल्द ही शहरवासियों को दो नए पार्कों तथा दो प्रमुख पोखरों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की सौगात देने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और नागरिकों को मनोरंजन, स्वास्थ्य एवं पर्यटन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
महापौर ने बताया कि विकास भवन (डीएम कार्यालय) के समीप स्थित पोखर तथा लॉ कॉलेज के पीछे स्थित पोखर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। दोनों स्थलों पर आधुनिक फाउंटेन, बोटिंग एवं अन्य आकर्षक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को परिवार के साथ समय बिताने, सुबह-शाम टहलने तथा मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 स्थित बाड़ीहाट, भट्टा बाजार के निकट प्रस्तावित भव्य गौतम बुद्ध पार्क को नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार सरकार से प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
महापौर विभा कुमारी ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य पूर्णिया को एक सुंदर, स्वच्छ, हरित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है। पार्कों और पोखरों के सौंदर्यीकरण से नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी, वहीं पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी विकास परियोजनाओं को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, ताकि शहरवासियों को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद गुलाब हुसैन, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बहादुर यादव, करण चौधरी, अमित जायसवाल, मिट्ठू चौहान, मंटू गुप्ता, शंकर महतो, जूनियर इंजीनियर कुनिल कुमार सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।
















