


नवगछिया। नवगछिया जीरोमाइल के समीप अज्ञात अपराधियों ने एक फेरीवाले के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान कटिहार जिले के गेराबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत धीमनगर निवासी मोहम्मद खालिद के रूप में हुई है। घटना के बाद घायल युवक किसी तरह स्वयं उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचा, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने घटना की जानकारी नवगछिया थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित मोहम्मद खालिद ने बताया कि वह फेरी लगाकर एल्यूमिनियम एवं लोहे के सामान की बिक्री कर रहा था। इसी दौरान जीरोमाइल के पास अचानक कुछ अज्ञात अपराधी उसके पास पहुंचे। अपराधियों के हाथ में हथियार था। उन्होंने हथियार का भय दिखाकर उसका मोबाइल फोन और हेलमेट छीन लिया।
पीड़ित ने बताया कि अपराधियों ने उससे रुपये की भी मांग की, लेकिन उसके पास नकदी नहीं थी। इसके बाद अपराधियों ने हथियार के बट से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं घायल का उपचार अनुमंडल अस्पताल में जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
















