


नवगछिया। गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव में जमीन विवाद को लेकर सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक बुजुर्ग समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने घटना को लेकर नवगछिया पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लतरा गांव निवासी 65 वर्षीय हरेकेश्वरी पंडित ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोमवार सुबह करीब सात बजे उनके घर के समीप बने चदरा शेड को कुछ लोगों द्वारा जबरन उखाड़ा जा रहा था। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद हिंसक रूप ले लिया।
पीड़ित के अनुसार इसी दौरान दो लोगों ने कथित रूप से देशी कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने हाथ की अंगुली को छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद एक आरोपित ने हथियार के बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।
घटना के दौरान शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र संजीव कुमार पंडित को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिससे उनकी पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। घर की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गोपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
पीड़ित पक्ष ने आवेदन में आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इधर, घटना को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आवेदन के आधार पर सभी आरोपों की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।















