5
(1)

हत्या और रंगदारी समेत कई मामलों में है आरोपी

नवगछिया। शादी समारोह में खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में नवगछिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात अपराधी अजित यादव उर्फ संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध हत्या, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 22 मई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में एक शादी समारोह के दौरान कुछ लोगों को खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन करते देखा गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने वीडियो का सत्यापन कर उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की। जांच के क्रम में गोपालपुर थाना में कांड संख्या-173/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी अजित यादव उर्फ संजय यादव को मधेपुरा जिले से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधी गोपालपुर थाना क्षेत्र के रसालपुर गांव का निवासी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, रंगदारी, मारपीट तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही मामले से जुड़े सभी साक्ष्य एकत्रित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या हथियारों के अवैध प्रदर्शन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं हथियारों के प्रदर्शन अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: