


नवगछिया पुलिस जिला के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कलाकुंड गांव में एक 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान कलाकुंड गांव निवासी रंजीत कुमार की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों की मां थीं।
परिजनों के अनुसार सोमवार रात प्रियंका कुमारी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं और उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चिकित्सकों ने प्रियंका कुमारी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे पति सहित तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं।
बताया जाता है कि मृतका के पति रंजीत कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दोनों की शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। प्रियंका की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भी मौत के कारणों को लेकर अनभिज्ञता जताई है। इधर, बरारी पुलिस कैंप की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर पुलिस की नजर है।
















