


पूर्णिया।
बिहार सरकार के निर्देश तथा जिलाधिकारी अंशुल कुमार के मार्गदर्शन में रविवार को पूर्णिया जिले की सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जीविका दीदियों ने मद्यनिषेध एवं शराबबंदी को लेकर प्रभात फेरी, शपथ ग्रहण तथा जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत विभिन्न पंचायतों में जीविका समूह की महिलाओं ने गांवों में प्रभात फेरी निकालकर आम लोगों को शराब और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति एवं शराबबंदी कानून के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
कसबा प्रखंड के मल्हारिया पंचायत में पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जीविका दीदियों ने विशेष रूप से “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान सभी सदस्यों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
जीविका दीदियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति आवश्यक है। उन्होंने लोगों से शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
जिला प्रशासन ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से विकास योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। नशा मुक्ति अभियान, शराबबंदी, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जीविका दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और नशामुक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
















