


नवगछिया बाजार स्थित मारवाड़ी धर्मशाला के समीप रविवार संध्या में मां दुर्गा मेडिकल के पास रविवार को तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बाइक सवार भी संतुलन खोकर सड़क पर गिर पड़ा और वह भी घायल हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) रेफर कर दिया गया।
घायल बाइक सवार की पहचान नवगछिया के मुमताज मोहल्ला निवासी संतोष कुमार पासवान के 18 वर्षीय पुत्र तेजस कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल वृद्ध की पहचान मखाताकिया निवासी स्वर्गीय ईश्वरी रजक के पुत्र नारायण रजक के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेजस कुमार तेज गति से बाइक चला रहे थे। मां दुर्गा मेडिकल के पास पहुंचने पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे जा रहे नारायण रजक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध सड़क पर गिरकर घायल हो गए, जबकि बाइक भी असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरी, जिससे चालक भी चोटिल हो गया।
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर दोनों पक्षों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। आपसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया। दोनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर स्पष्ट किया कि वे इस मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई या प्राथमिकी दर्ज नहीं कराना चाहते हैं।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन आपसी सहमति बनने के बाद मामला शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।
















