


नवगछिया पुलिस ने बिहपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे के चापाकल का हैंडल भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को डायल-112 पर सूचना मिली थी कि पारिवारिक विवाद के कारण एक व्यक्ति की पत्नी अपने मायके चली गई थी। पत्नी को लेकर ससुर से बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने वादी के भाई पर चापाकल के लोहे के हैंडल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 26 जून को घायल की मौत हो गई।
मृतक के भाई अमीर हमजा के फर्द बयान के आधार पर बिहपुर थाना कांड संख्या-170/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के मिल्की निवासी बारीक अंसारी, पिता जहीर अंसारी तथा जहीर अंसारी, पिता अजीउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लोहे के चापाकल का हैंडल भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
















