


टक्कर के बाद पिकअप से भिड़ा सीएनजी ऑटो, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; पुलिस ने सभी वाहनों को किया जब्त
नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत बगड़ी स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पीछे से आ रहा एक सीएनजी ऑटो भी अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन से टकरा गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र स्थित दिघी गांव निवासी 30 वर्षीय सूरज कुमार, पिता सुशील कुमार सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक 22 वर्षीय सनी राज, पिता अभय कुमार सिंह, का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह तेज रफ्तार से आ रही मिनी पिकअप और पल्सर बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सूरज कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा सनी राज गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहा एक सीएनजी ऑटो भी दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन से टकराकर सड़क किनारे पलट गया। हालांकि पुलिस के अनुसार ऑटो में कोई यात्री सवार नहीं था। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरीक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सनी राज को बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, नवगछिया भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मिनी पिकअप, बाइक और सीएनजी ऑटो को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
रिश्तेदार के घर से लौटने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि सूरज कुमार भवानीपुर थाना क्षेत्र के नगरपारा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर से पल्सर बाइक पर सनी राज के साथ अपने गांव दिघी लौट रहे थे। इसी दौरान बगड़ी स्थित पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार मिनी पिकअप ने कथित रूप से ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
छह माह पहले दिल्ली से लौटा था सूरज
मृतक सूरज कुमार दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता सुशील कुमार सिंह बड़े बेटे के साथ दिल्ली में रहते हैं। सूरज भी दिल्ली में ही रहता था, लेकिन करीब छह माह पहले अपनी मां की देखभाल के लिए गांव लौट आया था। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां पुनिता देवी समेत अन्य परिजन रोते-बिलखते अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचे। सूचना मिलने पर पिता और बड़ा भाई भी दिल्ली से घर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस कर रही मामले की जांच
यातायात थाना प्रभारी सुजीत वारसी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है और मायागंज अस्पताल में उपचाराधीन है। उन्होंने बताया कि हादसे के दौरान एक सीएनजी ऑटो भी पिकअप से टकराकर पलट गया था। ऑटो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। तीनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
















