


सोनवर्षा में भाजपा नेताओं ने किया सामूहिक श्रवण
भागलपुर संवाददाता
बिहपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का रविवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 316 बूथों पर सामूहिक श्रवण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्षों के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सोनवर्षा स्थित बूथ संख्या-100 पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों से प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के विभिन्न प्रेरक प्रयासों को देश के सामने लाता है।
प्रो. गौतम ने बताया कि बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री एवं बिहपुर विधायक इंजीनियर शैलेन्द्र ने दरभंगा जिले के आनंदपुर, सहोड़ा पंचायत में मंत्री राजचंद्र प्रसाद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण मन्ना की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
इस दौरान मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र ने कहा कि भाजपा का संकल्प है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ-साथ जनभागीदारी को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
उन्होंने लोगों से आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण, ‘वोकल फॉर लोकल’, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग तथा योग को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
भाजपा नेताओं ने बताया कि बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 316 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने एक साथ प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और उसमें व्यक्त विचारों पर चर्चा भी की। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
















