


नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ स्वागत
नवगछिया । राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गोपालपुर में स्नातक सत्र 2026-30 के नव नामांकित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए बुधवार को दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा राजकन्या एवं प्रेमलता द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राज कुमार प्रसाद ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 के लागू होने के बाद उच्च शिक्षा अधिक रोजगारोन्मुखी एवं छात्र-केंद्रित बनी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि के विषय का चयन कर पूरी लगन एवं मेहनत के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और इसी के माध्यम से विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र दास ने कहा कि स्नातक की पढ़ाई केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा के साथ अध्ययन करने की अपील की।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार सिंह ने कहा कि राज्यभर में नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना सरकार की जनशिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि शिक्षक एवं छात्र मिलकर ही ज्ञानवान और समृद्ध बिहार के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं बहुआयामी विकास पर आधारित है, जिससे उन्हें शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास के भी बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. महेश कुमार ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र जीवन का प्रत्येक क्षण अमूल्य होता है। समय का सदुपयोग और निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।
अंत में इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि दीक्षारंभ कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल शैक्षणिक जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही बिहार एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन सकता है।















