


जनसमस्याओं के 30 दिनों में निष्पादन के दिए निर्देश, आदर्श मध्य विद्यालय की समस्याओं का भी लिया जायजा
पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के पूर्णिया सिटी स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में नगर निगम के वार्ड संख्या 32, 33, 34 एवं 40 के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित सहयोग शिविर का बुधवार को विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिविर में व्याप्त अव्यवस्था पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर निगम के उपनगर आयुक्त को फटकार लगाई और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व है कि वे सरकार की योजनाओं एवं विभागीय निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आम जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने आदर्श मध्य विद्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने का आग्रह किया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ने विद्यालय की अधूरी चहारदीवारी तथा परिसर स्थित तालाब से उत्पन्न हो रही समस्याओं की जानकारी दी। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इसके बाद विधायक सिकंदरपुर पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर पहुंचे, जहां उन्होंने शिविर की व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों में सहयोग शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिसकी नियमित मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जाती है।
उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी पंचायतों एवं नगर निकायों के वार्डों में विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ सहयोग शिविर आयोजित किए जाएं तथा प्राप्त सभी आवेदनों का 30 दिनों के भीतर शत-प्रतिशत निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
विधायक विजय खेमका ने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा करें और आवेदन की पावती रसीद अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का सबसे सुलभ माध्यम है। सरकार की मंशा है कि प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करे तथा सभी पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे।
















