


नवगछिया । पुलिस जिला नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोपालपुर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 303.75 लीटर विदेशी शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो और लाइनर के रूप में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपितों के पास से 91,720 रुपये नकद तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि झल्लूदास टोला से मकंदपुर चौक की ओर उजले रंग की स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मकंदपुर स्थित चांदनी चौक के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली, जिसमें 303.75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से स्कॉर्पियो चालक मिथलेश कुमार मंडल, निवासी तिनटंगा दियारा, को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान स्कॉर्पियो के आगे-आगे लाइनर के रूप में चल रहे बाइक सवार प्रवीण कुमार एवं रोहित कुमार, दोनों निवासी ज्ञानीदास टोला, थाना रंगरा, को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान रोहित कुमार के पास से 90,000 रुपये तथा प्रवीण कुमार के पास से 1,720 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।















