


नवगछिया। पुलिस अधीक्षक नवगछिया ने बुधवार को नदी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण एवं लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की स्वच्छता एवं रखरखाव का जायजा लिया और सभी पंजियों एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने का निर्देश दिया, ताकि थाना स्तर पर प्रशासनिक कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान लंबित कांडों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित अनुसंधानकर्ताओं को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना में कार्यरत पुलिसकर्मियों को जनसेवा, अनुशासन और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
















