


नवगछिया : गोपालपुर प्रखंड स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में शनिवार को शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थियों के माता-पिता एवं अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
संगोष्ठी में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति, समावेशी शिक्षा तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन एवं नियमित विद्यालय आने के महत्व से अवगत कराया तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।

बैठक के दौरान ‘सुरक्षित शनिवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत वज्रपात (आकाशीय बिजली) से बचाव को लेकर भी जागरूकता प्रदान की गई। उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को बताया गया कि वज्रपात किन परिस्थितियों में होता है तथा इससे बचने के लिए किन-किन सावधानियों का पालन करना आवश्यक है। साथ ही आपदा के समय सुरक्षित रहने के उपायों की भी जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक युगेश कुमार ने कहा कि अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का उद्देश्य बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना तथा अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति और घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
इस अवसर पर शिक्षक कुमार राजेश, नीतीश कुमार नयन, पंकज कुमार, रश्मि कुमारी, लतिका कुमारी, नीता कुमारी, स्नेहा कुमारी, राकेश कुमार रजक सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
















